मां की शिकायत पर बहादराबाद पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई, मुकदमा दर्ज होने के चंद घंटों के भीतर आरोपी को लिया हिरासत में।

फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र में एक पिता पर अपनी 16 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ अश्लील एवं आपत्तिजनक हरकतें करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता की मां की शिकायत पर बहादराबाद पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे कुछ ही घंटों के भीतर हिरासत में ले लिया।

पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को एक महिला ने कोतवाली बहादराबाद पहुंचकर अपने पति के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई। महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति पिछले करीब एक वर्ष से उनकी 16 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ अश्लील एवं आपत्तिजनक हरकतें कर रहा था। इतना ही नहीं, आरोपी आए दिन महिला और उसके बच्चों के साथ गाली-गलौज एवं मारपीट भी करता था।

महिला का कहना है कि कई बार समझाने और विरोध करने के बावजूद आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। उसकी कथित गतिविधियों के चलते नाबालिग बालिका भय और मानसिक तनाव में रहने लगी।

मामले की गंभीरता और नाबालिग की सुरक्षा को देखते हुए बहादराबाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 398/26 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 75(2), 115(2), 352 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8 और 9(l)(n)/10 के तहत अभियोग पंजीकृत किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए विवेचक के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपी के किराये के मकान पर दबिश दी, जहां वह मौजूद मिला। पुलिस ने उसे मुकदमे की जानकारी देते हुए नियमानुसार हिरासत में ले लिया। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।

पुलिस टीम में शामिल

1. उपनिरीक्षक ज्योति नेगी
2. कांस्टेबल अरुण चमोली
3. कांस्टेबल बलवंत सिंह।

Share.
Leave A Reply