प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता कर भाजपा सरकार पर लगाए आरोप, सीबीआई जांच और एसआईआर प्रक्रिया पर भी उठाए सवाल।

फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता रागिनी नायक बुधवार को हरिद्वार पहुंचीं। देवपुरा स्थित प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय मिलने तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। पार्टी इस मुद्दे को सड़क से लेकर संसद तक उठाएगी।

अंकिता भंडारी मामले में भाजपा सरकार पर लगाए आरोप

रागिनी नायक ने भाजपा सरकार पर अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े लोगों को बचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के बजाय मामले से जुड़े कथित वीआईपी को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित कथित वीआईपी को संवैधानिक पद पर बैठाए जाने से जांच की निष्पक्षता को लेकर सवाल खड़े होते हैं।

सीबीआई जांच पर भी उठाए सवाल

कांग्रेस प्रवक्ता ने अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से सीबीआई जांच की संस्तुति किए जाने के बावजूद कथित वीआईपी की पहचान स्पष्ट किए बिना अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ जांच की बात सामने आ रही है। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों को कानून के दायरे में लाकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए।

राहुल गांधी ने राष्ट्रपति को लिखा पत्र

रागिनी नायक ने बताया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी अंकिता भंडारी मामले को लेकर राष्ट्रपति को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि जब दिल्ली में अंकिता के माता-पिता धरने पर बैठे थे, तब वह स्वयं राहुल गांधी के साथ वहां मौजूद थीं। उनके मुताबिक, उस दौरान कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता इस मामले में न्याय की मांग को लेकर अपना संघर्ष जारी रखेंगे।

एसआईआर प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग पर निशाना

प्रेस वार्ता के दौरान रागिनी नायक ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उन्होंने भाजपा और चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि एसआईआर के नाम पर लोगों के मताधिकार को प्रभावित किया जा रहा है। उन्होंने इस प्रक्रिया को निरस्त करने की मांग करते हुए कहा कि मामला न्यायालय में विचाराधीन है और कांग्रेस इस मुद्दे पर जनता को जागरूक करेगी।

उन्होंने दावा किया कि एसआईआर के तीसरे चरण में करीब 13 करोड़ लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। साथ ही आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ता बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के साथ मिलकर मतदाताओं के नाम कटवाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोगों के मतदान के अधिकार की रक्षा के लिए आवाज उठाती रहेगी।

मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग

रागिनी नायक ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग पर सवाल उठने के बाद भाजपा के प्रवक्ता प्रेस वार्ता कर उसका बचाव करने सामने आ जाते हैं। उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड में राजनीतिक बदलाव की लहर आने वाली है।

उन्होंने दोहराया कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के मुद्दे पर कांग्रेस अपना आंदोलन जारी रखेगी।

Share.
Leave A Reply