फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। उत्तराखंड जल संस्थान कर्मचारी संघ गढ़वाल मंडल की द्विवार्षिक निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न होने के बाद नई कार्यकारिणी का गठन किया गया है। निर्वाचन अधिकारी एवं महासचिव प्रेम सिंह चौहान तथा प्रदेश अध्यक्ष विकास निगम ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी की घोषणा की। नई कार्यकारिणी के गठन पर संगठन के पदाधिकारियों ने सदस्यों का स्वागत किया।
नई कार्यकारिणी में प्रेम सिंह रावत को मंडल अध्यक्ष तथा कुलदीप सैनी को मंडलीय महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, वीरेंद्र सिंह और विकास गोस्वामी को उपाध्यक्ष बनाया गया है। कुणाल शर्मा कोषाध्यक्ष, जबकि नवीन भट्ट और संजय नेगी को संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त संगठन सचिव, कार्यालय सचिव, प्रचार सचिव एवं कार्यसमिति सदस्यों की भी नियुक्ति की गई है।
नई कार्यकारिणी के गठन की सूचना जल संस्थान के प्रबंध निदेशक सहित सभी शाखा अध्यक्षों को भेज दी गई है। नवनिर्वाचित कार्यकारिणी आगामी दो वर्षों तक संगठन के कार्यों का संचालन करेगी।
संघ का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों के हितों की रक्षा करना, उनकी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाना तथा संगठन को मजबूत बनाना है। नई कार्यकारिणी से कर्मचारियों के हितों के लिए प्रभावी ढंग से कार्य करने की अपेक्षा की जा रही है।


