फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। कोतवाली नगर हरिद्वार पुलिस ने वरिष्ठ पत्रकार गोपाल रावत के घर हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम में से खर्च के बाद बची 1 लाख 20 हजार रुपये की नकदी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी स्मैक का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस के मुताबिक, 7 अक्टूबर 2026 को श्रवणनाथ नगर निवासी पत्रकार गोपाल रावत ने कोतवाली नगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर चार लाख रुपये की नकदी चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश की गई।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 18 अक्टूबर 2026 को दविंदर नामक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की रकम में से बची 1 लाख 20 हजार रुपये की नकदी बरामद हुई। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई कर रही है।
नशे की लत पूरी करने के लिए की चोरी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हेरोइन (स्मैक) के सेवन का आदी है। नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी के अनुसार, घर से बड़ी रकम मिलने के बाद वह दिल्ली और हिमाचल प्रदेश गया, जहां उसने चोरी के पैसों को नशे सहित अन्य खर्चों में इस्तेमाल किया।
गिरफ्तार आरोपी: निवासी वार्ड नंबर-7, जिला सांबा, जम्मू-कश्मीर।
पुलिस टीम में शामिल अधिकारी एवं कर्मचारी: प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा, उपनिरीक्षक विक्रम सिंह बिष्ट, हेड कांस्टेबल प्रेम सिंह, हेड कांस्टेबल संजीव राणा, कांस्टेबल अमित भट्ट और कांस्टेबल हरीश रतूड़ी।


