फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। आगामी त्योहारी सीजन के मद्देनजर शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और आमजन को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए हरिद्वार यातायात पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में यातायात पुलिस एवं सीपीयू की टीम ने रानीपुर मोड़ से ज्वालापुर तक अभियान चलाकर नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की और वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने के निर्देश दिए।

अभियान के दौरान सड़क किनारे नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों को हटवाया गया। साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए बताया गया कि सड़क पर अनधिकृत रूप से वाहन खड़े करने से यातायात बाधित होता है और जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। इससे आमजन, राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है।

पुलिस अधीक्षक यातायात सुश्री निशा यादव, पुलिस उपाधीक्षक यातायात श्री बिपेंद्र सिंह तथा प्रभारी निरीक्षक यातायात एवं सीपीयू श्री संदीप सिंह नेगी के निर्देशन में वाहन चालकों और आमजन से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई। पुलिस ने लोगों से अपने वाहन नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े न करने, निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

जाम मुक्त हरिद्वार बनाने में करें सहयोग

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि त्योहारी सीजन के दौरान बाजारों और प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए विशेष निगरानी रखी जा रही है। यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस ने आमजन से अपील की कि सड़कों को पार्किंग स्थल न बनाएं और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाते हुए जाम मुक्त हरिद्वार बनाने में सहयोग करें।

Share.
Leave A Reply