पीड़ितों से लूटे गए आभूषण और दोनों मोबाइल फोन समेत शत-प्रतिशत माल बरामद, वारदात में इस्तेमाल बाइक भी जब्त।
फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। हरिद्वार जिले की पथरी थाना पुलिस ने लूट की एक वारदात का महज पांच घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए आभूषण, दोनों मोबाइल फोन और अन्य सामान शत-प्रतिशत बरामद कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी पुलिस ने बरामद की है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़ितों ने राहत जताते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
मारपीट कर लूटे थे आभूषण और मोबाइल फोन
पुलिस के मुताबिक, ज्वालापुर थाना क्षेत्र के दयानंद नगरी, कनखल रोड स्थित वानप्रस्थ गेट निवासी नीरज चौहान पुत्र राजेश चौहान ने थाना पथरी में तहरीर देकर बताया कि वह अपने दोस्त नवलदीप निवासी कनखल के साथ किसी काम से धनपुरा आए थे। इसी दौरान तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उनके साथ मारपीट कर दो सोने की अंगूठियां, एक चांदी की चेन, एक चांदी का कड़ा, एक चांदी का लॉकेट और दो मोबाइल फोन लूट लिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पथरी थाना पुलिस ने तत्काल मुकदमा अपराध संख्या 515/26, धारा 309(4) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर तीनों आरोपी गिरफ्तार
लूट की घटना के शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल पुलिसिंग की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने लक्सर रोड स्थित रविदास मंदिर के पास से तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से लूट का सामान बरामद हुआ। दोनों पीड़ितों ने बरामद सामान की पहचान की और आरोपियों को भी शिनाख्त किया।
ये आरोपी किए गए गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें पहला आरोपी और दुसरा आरोपी, दोनों निवासी ग्राम टांडा भागमल, थाना लक्सर, जिला हरिद्वार, जबकि तीसरा आरोपी निवासी शाहपुर, थाना पथरी, जिला हरिद्वार शामिल हैं।
ये सामान हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पीली धातु की अंगूठियां, एक सफेद धातु की चेन, एक सफेद धातु का कड़ा, एक सफेद धातु का लॉकेट, दो मोबाइल फोन, एक एटीएम कार्ड और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। त्वरित कार्रवाई और लूटे गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी को पुलिस की अहम सफलता माना जा रहा है।
पुलिस टीम
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार, उपनिरीक्षक मोहन कठैत (चौकी प्रभारी फेरुपुर), कांस्टेबल जयपाल चौहान, कांस्टेबल रविंद्र बिष्ट, कांस्टेबल कान्ति राम शर्मा और कांस्टेबल वीरेंद्र चौहान शामिल रहे।


