फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत ज्वालापुर पुलिस ने एक आरोपी को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5.05 ग्राम अवैध स्मैक और 450 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ कोतवाली ज्वालापुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस मुख्यालय देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशानुसार नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ज्वालापुर के नेतृत्व में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस टीमों का गठन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे।

इसी अभियान के तहत 15 और 16 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि चेकिंग के दौरान पुलिस ने आरोपी निवासी ईदगाह रोड, मोहल्ला पावधोई, ज्वालापुर, हरिद्वार को मोहल्ला पावधोई स्थित पंडितों के बाग के पास से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 5.05 ग्राम अवैध स्मैक और 450 रुपये नकद बरामद हुए।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कोतवाली ज्वालापुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। आरोपी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ वर्ष 2024 में मुकदमा संख्या 292/2024, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था। पुलिस के अनुसार, वह पूर्व में भी स्मैक से संबंधित मामले में जेल जा चुका है।

पुलिस टीम में ये रहे शामिल

कार्रवाई करने वाली टीम में बाजार चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक पुष्कर चौहान, कांस्टेबल अनिल चौहान और कांस्टेबल बृजमोहन शामिल रहे।

Share.
Leave A Reply