हरकी पैड़ी क्षेत्र में जबरन भीख मांगकर यात्रियों को कर रहे थे परेशान, भिक्षुक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज।

फुरकान अंसारी।

हरिद्वार। हरकी पैड़ी क्षेत्र में गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को परेशान करने और रास्तों पर जबरन भीख मांगने वालों के खिलाफ हरिद्वार पुलिस ने कार्रवाई की है। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर कोतवाली नगर पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा के नेतृत्व में अभियान चलाकर 31 भिक्षुकों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने सभी के खिलाफ भिक्षुक अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया है।

पुलिस के अनुसार, देश के विभिन्न हिस्सों से हरकी पैड़ी पर गंगा स्नान के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को घाटों तक आने-जाने वाले रास्तों पर कुछ लोग जबरन भीख मांगकर परेशान कर रहे थे। इस शिकायत के मद्देनजर 15 अक्टूबर 2026 को कोतवाली नगर पुलिस ने हरकी पैड़ी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 31 लोगों को गिरफ्तार किया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

श्रद्धालुओं को चोरी से बचने के लिए किया जागरूक

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने श्रद्धालुओं को भीड़भाड़ वाले इलाकों में सतर्क रहने की सलाह दी। पुलिस ने लोगों से अपील की कि गंगा स्नान और घाटों पर आवाजाही के दौरान अपने मोबाइल फोन, आभूषण, पर्स और अन्य कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें, ताकि भीड़ का फायदा उठाकर चोरी करने वाले अपराधियों से बचा जा सके।

पुलिस टीम

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा के साथ उपनिरीक्षक अंशुल अग्रवाल, उपनिरीक्षक राधाकृष्ण रतूड़ी तथा कांस्टेबल रमेश, मान सिंह, भूपेन्द्र गिरी, अमित कुमार, रितेश कुमार और नितिन रावत शामिल रहे।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और हरकी पैड़ी क्षेत्र में व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Share.
Leave A Reply