फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। शिवालिक नगर के एम-क्लस्टर क्षेत्र में पत्नी के नाराज होकर चले जाने से परेशान एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही कोतवाली रानीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। काफी मशक्कत और समझाने-बुझाने के बाद पुलिस ने युवक को सकुशल नीचे उतार लिया।
घटना 12 अक्टूबर 2026 की है। युवक को नीचे उतारने के लिए पुलिस ने लगातार प्रयास किए। इसके साथ ही एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, लेकिन युवक शुरुआत में नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। पुलिस टीम की लगातार कोशिशों के बाद शाम को उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
पत्नी के जाने से था परेशान
पूछताछ में युवक ने अपना निवास ग्राम चकधीर, थाना बेरिया, जनपद बलिया, उत्तर प्रदेश बताया। उसकी उम्र 25 वर्ष है। युवक ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी नाराज होकर चली गई थी, जिससे परेशान होकर वह मोबाइल टावर पर चढ़ गया था।
शांति व्यवस्था प्रभावित करने पर कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, युवक द्वारा अपनी जान जोखिम में डालने और शांति व्यवस्था प्रभावित करने के मामले में उसके विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई। साथ ही भविष्य में ऐसी हरकत न करने की हिदायत दी गई।
पुलिस टीम में शामिल रहे
– अ0उ0नि0 सुबोध घिल्डियाल
– कांस्टेबल अर्जुन सिंह
– कांस्टेबल वीर सिंह
रानीपुर पुलिस की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया और युवक को सुरक्षित बचा लिया गया।


