फुरकान अंसारी।
भगवानपुर (हरिद्वार)। कोतवाली भगवानपुर पुलिस ने करीब चार माह से लापता 17 वर्षीय नाबालिग बालिका को पंजाब के मोहाली से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने मामले में आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध अपहरण और पॉक्सो अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 22 जून 2026 को बालिका के पिता ने अपनी नाबालिग पुत्री के घर से बिना बताए चले जाने और वापस न लौटने के संबंध में शिकायत दी थी। इसके आधार पर 1 जुलाई 2026 को कोतवाली भगवानपुर में मुकदमा अपराध संख्या 264/2026 दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर बालिका की तलाश के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी भगवानपुर के निर्देशन में पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ डिजिटल एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर तलाश तेज की। संभावित ठिकानों पर दबिश देकर भी बालिका का पता लगाने के प्रयास किए गए।
इसी क्रम में 12 अक्टूबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने यदविंदर एन्क्लेव, टाउन स्क्वायर मॉल के निकट, एसएएस नगर, मोहाली (पंजाब) में कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया और नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, विवेचना के दौरान मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 87 और 64(2)(ड) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 5(ठ)/6 की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में शामिल
1. उपनिरीक्षक आशीष नेगी
2. कांस्टेबल विनय थपलियाल
3. महिला कांस्टेबल सोनम।


