फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने सोमवार को प्रेस क्लब हरिद्वार में पत्रकार वार्ता के दौरान प्रदेश की धामी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने हरिद्वार में आयोजित प्रदेश कैबिनेट की बैठक को जनता के टैक्स के पैसे की बर्बादी बताते हुए आरोप लगाया कि बैठक में न तो हरिद्वार के विकास को लेकर कोई ठोस निर्णय लिया गया और न ही कुंभ से जुड़ी योजनाओं पर चर्चा हुई।

आलोक शर्मा ने कहा कि कैबिनेट बैठक में लिए गए अधिकांश निर्णय अधिकारी स्तर पर भी लिए जा सकते थे। उन्होंने ऋषिकुल विद्यापीठ में शोध संस्थान खोलने के निर्णय पर सवाल उठाते हुए कहा कि संस्थान के संचालन के लिए पहले से ही एक संस्था कार्यरत है। उन्होंने खसरा नंबर बदलने जैसे मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे निर्णय उपजिलाधिकारी स्तर पर भी लिए जा सकते हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि कुंभ नगरी हरिद्वार में आयोजित कैबिनेट बैठक में कुंभ से संबंधित कोई प्रस्ताव नहीं लाया जाना सरकार की उदासीनता को दर्शाता है। उन्होंने कुंभ से जुड़े निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री और मंत्रियों की ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया जा रहा है।

कुंभ मेला क्षेत्र में नए इलाकों को शामिल करने की मांग

कांग्रेस प्रवक्ता ने ज्वालापुर, बहादराबाद और कांगड़ी समेत अन्य क्षेत्रों को कुंभ मेला क्षेत्र में शामिल करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि पांडेयवाला स्थित गुघाल मेला स्थल पर कुंभ के दौरान रमता पंच और अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं, इसके बावजूद इस स्थल को कुंभ मेला क्षेत्र से बाहर रखा गया है। उन्होंने हरिद्वार और रानीपुर के विधायकों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए पूछा कि कैबिनेट बैठक में हरिद्वार के विकास से जुड़ा कोई ठोस प्रस्ताव क्यों नहीं लाया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को उम्मीद थी कि सरकार अर्धकुंभ की तैयारियों को लेकर श्वेत पत्र जारी करेगी।

अंकिता भंडारी मामले में जांच पर भी उठाए सवाल

आलोक शर्मा ने अंकिता भंडारी प्रकरण का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि पीड़ित परिवार आज भी न्याय की उम्मीद में है। उन्होंने दावा किया कि परिवार और उसके संबंधियों को जांच के नाम पर परेशान किया जा रहा है तथा जांच एजेंसियां उन्हीं लोगों से पूछताछ कर रही हैं, जिनसे पहले भी पूछताछ हो चुकी है। उन्होंने मामले में कथित वीआईपी सहित अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ नहीं किए जाने पर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि जांच में गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है।

उन्होंने दिल्ली में छात्र-छात्राओं के साथ पुलिस की कथित बर्बरता की भी निंदा की। आलोक शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण देश के विभिन्न वर्गों में असंतोष है। उन्होंने सवाल उठाया कि हरिद्वार में कैबिनेट बैठक आयोजित करने पर लाखों रुपये खर्च करने के बावजूद शहर को क्या हासिल हुआ।

पत्रकार वार्ता के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी, सोम त्यागी, ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष विकास चंद्रा, सुरेश राणा, चंदन शर्मा, श्याम सिंह सहित कई कांग्रेसी नेता मौजूद रहे।

Share.
Leave A Reply