फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। समदृष्टि, क्षमता विकास एवं अनुसंधान मंडल (सक्षम) की जिला इकाई हरिद्वार की बैठक गंभीर मार्ग स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में सक्षम के आगामी प्रांत प्रशिक्षण वर्ग और वर्ष 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले 40 दिवसीय दिव्य नेत्रकुंभ की तैयारियों पर चर्चा की गई। मुख्य अतिथि सक्षम के प्रांत अध्यक्ष ललित पंत ने कार्यकर्ताओं से दोनों कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।

बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष संदीप अरोड़ा ने की, जबकि संचालन जिला उपाध्यक्ष सत्यदेव राठी ने किया। बैठक को संबोधित करते हुए ललित पंत ने कहा कि सक्षम का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने बताया कि 11 अक्टूबर को देहरादून के झाझरा स्थित धीमहि प्रकल्प में एक दिवसीय प्रांत प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया जाएगा। यह प्रशिक्षण वर्ग सुबह 9:30 बजे से शाम 3:30 बजे तक चलेगा।

उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग में सक्षम के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कमलाकांत पांडे और उत्तर क्षेत्र के संगठन मंत्री देवेंद्र का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। वहीं, मुख्य वक्ता के रूप में प्रांत सह-संपर्क प्रमुख डॉ. अभय कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। ललित पंत ने सभी दायित्ववान कार्यकर्ताओं से प्रशिक्षण वर्ग में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करने की अपील करते हुए कहा कि कार्यकर्ता किसी भी संगठन की असली ताकत होते हैं। उनकी सक्रियता और समर्पण से ही संगठन निरंतर आगे बढ़ता है।

40 दिन तक चलेगा दिव्य नेत्रकुंभ

बैठक में वर्ष 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले अर्धकुंभ मेले के दौरान प्रस्तावित 40 दिवसीय दिव्य नेत्रकुंभ पर भी विस्तार से चर्चा की गई। ललित पंत ने कहा कि नेत्रकुंभ सेवा और समर्पण का महायज्ञ होगा। इसे विश्व का सबसे बड़ा नेत्र चिकित्सा शिविर बनाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण आयोजन को सफल बनाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। नेत्रकुंभ में समर्पण भाव से सेवा करने वाले कार्यकर्ताओं को उनकी क्षमता और योगदान के अनुरूप महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी सौंपी जाएंगी।

जिलाध्यक्ष संदीप अरोड़ा ने आश्वस्त किया कि हरिद्वार जिला इकाई नेत्रकुंभ की पूरी अवधि में शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास करेगी। साथ ही प्रांत प्रशिक्षण वर्ग में भी जिले से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में प्रांत युवा प्रमुख कमल पंत, जिला कोषाध्यक्ष सत्यप्रकाश, जिला उपाध्यक्ष सत्यदेव राठी, जिला महिला प्रमुख सीमा चौहान, विमलेश गौर, गौरव और राज शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share.
Leave A Reply