फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। खड़खड़ी क्षेत्र में आज सुबह चेन लूट की वारदात के बाद हरिद्वार कोतवाली नगर पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू की। तलाश के दौरान पुलिस टीम का बदमाशों से औद्योगिक क्षेत्र में सामना हो गया। पुलिस ने बदमाशों को घेरने का प्रयास किया तो मुठभेड़ शुरू हो गई। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार बदमाश की पहचान नरेश उर्फ भिंडे उर्फ राज पुत्र कन्हैया, निवासी B-4/409, साईं मंदिर के निकट, सुल्तानपुरी, दिल्ली, उम्र करीब 22 वर्ष के रूप में हुई है।
सुबह खड़खड़ी में लूटी थी चेन
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नरेश ने अपने साथी के साथ मिलकर आज सुबह खड़खड़ी क्षेत्र में चेन लूट की घटना को अंजाम दिया था। वारदात की सूचना मिलने के बाद कोतवाली नगर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और संभावित ठिकानों तथा रास्तों पर निगरानी बढ़ाई।
औद्योगिक क्षेत्र में पुलिस से हुआ सामना
तलाश के दौरान पुलिस टीम की बदमाशों से औद्योगिक क्षेत्र में मुठभेड़ हो गई। पुलिस कार्रवाई के दौरान एक बदमाश नरेश उर्फ भिंडे उर्फ राज के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
दूसरा बदमाश फरार, कॉम्बिंग जारी
मुठभेड़ के दौरान नरेश का साथी दिनेश पुत्र गोमा राम, निवासी B-4/305, सुल्तानपुरी, दिल्ली मौके से फरार हो गया। फरार बदमाश की तलाश में पुलिस टीमों ने क्षेत्र में कॉम्बिंग अभियान शुरू कर दिया है, जो लगातार जारी है।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के साथ ही चेन लूट की वारदात और उसके फरार साथी के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है।


