फुरकान अंसारी।
हरिद्वार, 4 अक्टूबर। भूपतवाला स्थित चर्चित स्वामी देवानंद भारत भक्ति आश्रम (अमेरिकन आश्रम) की प्रबंधक परमजीत कौर ने आश्रम की भूमि पर कथित कब्जे और संपत्ति को खुर्द-बुर्द किए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से आश्रम की भूमि को कब्जामुक्त कराने तथा संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए परमजीत कौर ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने आश्रम की भूमि पर कब्जा करने के उद्देश्य से षड्यंत्रपूर्वक दीवार का निर्माण कर लिया। उनका कहना है कि इस संबंध में पुलिस प्रशासन को शिकायत देने के बावजूद अब तक भूमि को कब्जामुक्त कराने की कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आश्रम की भूमि को बचाने का प्रयास करने पर उन्हें डराया-धमकाया जा रहा है।
परमजीत कौर ने कुछ संतों पर भी कथित रूप से मिलीभगत का आरोप लगाया। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आश्रम की संपत्ति को सुरक्षित कराने की मांग की।
पत्रकार वार्ता के दौरान मौजूद कांग्रेस नेता मनोज सैनी ने आश्रम की कनाडा निवासी स्वामिनी ईस्टर फ्रीड से व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से बातचीत कर आश्रम से संबंधित जानकारी पत्रकारों के समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि धार्मिक संपत्ति पर किसी भी प्रकार के कथित कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।
मनोज सैनी ने बताया कि आश्रम की स्वामिनी कनाडा में निवास करती हैं और उनके द्वारा भी प्रशासन से आश्रम की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा बाहरी तत्वों के हस्तक्षेप पर रोक लगाने की मांग की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग आश्रम पर कब्जे का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने शासन-प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर आश्रम की संपत्ति को सुरक्षित रखने तथा कथित रूप से कब्जे के प्रयास में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की। साथ ही कहा कि आश्रम की सुरक्षा और संपत्ति को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।


