फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जनपद पुलिस द्वारा मालखानों में लंबे समय से रखे माल मुकदमाती के नियमानुसार निस्तारण की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कोतवाली नगर हरिद्वार और कोतवाली श्यामपुर पुलिस ने न्यायालय के आदेश के अनुपालन में कुल 405 माल मुकदमाती का विनिष्टीकरण/निस्तारण कराया।
कोतवाली नगर हरिद्वार पुलिस द्वारा मुकदमों के निस्तारण के उपरांत मालखाने में रखे 282 माल मुकदमाती को न्यायालय के आदेश के अनुपालन में निस्तारित किया गया। सभी माल आबकारी अधिनियम से संबंधित थे। निस्तारण की कार्रवाई उप जिलाधिकारी हरिद्वार एवं सहायक अभियोजन अधिकारी की मौजूदगी में की गई।
वहीं, कोतवाली श्यामपुर पुलिस द्वारा प्रभावी पैरवी एवं समन्वय के बाद माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट तृतीय, हरिद्वार के आदेशानुसार गठित टीम की मौजूदगी में 123 जब्तशुदा माल मुकदमाती का नियमानुसार विनिष्टीकरण कराया गया।
निस्तारित माल में आबकारी अधिनियम के 102 नमूना माल, गौवंश/पशु क्रूरता अधिनियम के 4 अभियोगों का माल, जुआ अधिनियम के 6 अभियोगों का माल, शस्त्र अधिनियम के 3 अभियोगों का माल, आवश्यक वस्तु अधिनियम के 1 अभियोग का माल तथा अन्य अभियोगों से संबंधित 7 माल शामिल रहे।
न्यायालय द्वारा गठित टीम की उपस्थिति में जेसीबी की सहायता से गड्ढा खुदवाकर जब्तशुदा माल को नियमानुसार निस्तारित किया गया। पूरी कार्रवाई के दौरान फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कराई गई तथा आवश्यक अभिलेखीय कार्रवाई भी सुनिश्चित की गई।


