फुरकान अंसारी।
हरिद्वार/खानपुर। देर रात खानपुर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस और एक संदिग्ध बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में संदिग्ध के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी ले रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 04 अक्टूबर 2026 की रात चौकी प्रभारी गोवर्धनपुर पुलिस टीम के साथ शाहीपुर तिराहे पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सिकंदरपुर की ओर से एक संदिग्ध टेंपो आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने टेंपो को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने कथित रूप से टेंपो पुलिसकर्मियों पर चढ़ाने का प्रयास किया और खानपुर की ओर भाग निकला।
घटना की सूचना तत्काल प्रभारी निरीक्षक कोतवाली खानपुर को दी गई। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके की ओर रवाना हुए। पुलिस के अनुसार, धर्मपुर मार्ग पर श्मशान घाट के पास संदिग्ध चालक ने टेंपो सड़क पर छोड़ दिया और गन्ने के खेत में घुस गया। आरोप है कि खेत से उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें संदिग्ध के पैर में गोली लग गई। घायल को तत्काल सीएचसी लक्सर ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे उप जिला चिकित्सालय रुड़की रेफर कर दिया गया।
उपचार के दौरान आरोपी निवासी तोड़ा जलालपुर, कोतवाली रुड़की बताया है।
फिलहाल पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
Add A Comment


