फुरकान अंसारी।
हरिद्वार/झबरेड़ा। ग्राम झबरेड़ी कलां में हुए दोहरे हत्याकांड के वांछित आरोपी को झबरेड़ा पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने अपनी बहन के प्रेम प्रसंग के चलते अपनी बहन और उसके प्रेमी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए राजकीय अस्पताल हरिद्वार में भर्ती कराया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम आरोपी की लगातार तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अमन उर्फ भरोसी पुत्र रामकुमार, निवासी ग्राम झबरेड़ी कलां, गांव की ओर आ रहा है।

सूचना पर पुलिस टीम ने नहर पुल पिकेट पर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान मोटरसाइकिल से आए एक संदिग्ध व्यक्ति को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने टीम पर फायरिंग कर दी और बूढ़पुर पाल बस्ती की ओर जाने वाले मार्ग पर भागने लगा। पुलिस द्वारा चेतावनी दिए जाने के बावजूद आरोपी ने दोबारा फायरिंग की।

पुलिस के मुताबिक, आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। उसकी पहचान ग्राम झबरेड़ी कलां में हुए दोहरे हत्याकांड के वांछित आरोपी अमन उर्फ भरोसी के रूप में हुई। घायल आरोपी को उपचार के लिए राजकीय अस्पताल हरिद्वार में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपनी बहन रुपा और सूरज उर्फ मुन्ना के बीच प्रेम प्रसंग के चलते सामाजिक बदनामी की आशंका में दोनों की हत्या करने की बात बताई है।

घटना के संबंध में मृतक सूरज के पिता अशोक की तहरीर पर कोतवाली झबरेड़ा में मुकदमा संख्या 158/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अभियोग दर्ज किया गया था।

वहीं, पुलिस मुठभेड़ के संबंध में आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 160/2026, धारा 109(1) बीएनएस एवं 3/25(1-बी) आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास एवं अन्य संबंधित पहलुओं की जांच कर रही है।
बरामदगी:
– .315 बोर का 01 अवैध तमंचा
– .315 बोर के 02 खोखा कारतूस
– .315 बोर का 01 जिंदा कारतूस
– बिना नंबर प्लेट की 01 हीरो होंडा मोटरसाइकिल।

Share.
Leave A Reply