फुरकान अंसारी।
हरिद्वार, 26 सितंबर। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए चार महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों को मंजूरी मिली है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रानीपुर विधायक आदेश चौहान के प्रस्ताव पर इन कार्यों के लिए कुल ₹3.41 करोड़ की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
स्वीकृत कार्यों के तहत शिवालिकनगर नगरपालिका क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में सड़कों का चौड़ीकरण, डामरीकरण, पुनर्निर्माण और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इनमें वार्ड संख्या-2 में ₹99.42 लाख की लागत से करीब 4.5 किलोमीटर सड़क, शिवालिकनगर शिव मंदिर से चिन्मय डिग्री कॉलेज की ओर जाने वाले करीब 1 किलोमीटर मार्ग के चौड़ीकरण एवं डामरीकरण के लिए ₹45.26 लाख, वार्ड संख्या-3 में ₹97.48 लाख की लागत से करीब 2 किलोमीटर सड़क तथा वार्ड संख्या-4 में ₹99.11 लाख की लागत से करीब 5 किलोमीटर सड़क का डामरीकरण एवं पुनर्निर्माण शामिल है।
विधायक आदेश चौहान ने कार्यों की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्र की आवश्यकताओं और जनसुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को धरातल पर उतार रही है।
उन्होंने कहा कि सड़कों के चौड़ीकरण, डामरीकरण और सुदृढ़ीकरण से क्षेत्र के हजारों परिवारों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। इसका लाभ स्थानीय निवासियों के साथ विद्यार्थियों, व्यापारियों और रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को भी मिलेगा।
विधायक ने कहा कि रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य लगातार जारी हैं और क्षेत्र की जरूरतों के अनुसार मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।

Share.
Leave A Reply