फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। कनखल पुलिस ने आईटीआई जगजीतपुर के पास महिला से हुई चैन स्नैचिंग की घटना का खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से छीनी गई सोने की चैन, 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी चैन स्नैचिंग के मामलों में जेल जा चुका है और उसके खिलाफ कनखल, ज्वालापुर व रानीपुर कोतवाली में कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, 20 सितंबर 2026 को गणपतिधाम फेस-3, जमालपुर निवासी महिला अपनी तीन वर्षीय बेटी के साथ स्कूटी से घर लौट रही थीं। आईटीआई जगजीतपुर, लक्सर रोड के पास बाइक सवार आरोपी ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। स्कूटी नहीं रोकने पर आरोपी ने स्कूटी में लात मारकर महिला को गिरा दिया और उनके गले से सोने की चैन छीनकर फरार हो गया। इस दौरान गिरने से महिला की तीन वर्षीय बेटी के सिर में चोट लग गई।
घटना के संबंध में कनखल थाने में मु0अ0सं0 367/26 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
25 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जमालपुर-जियापोता रोड पर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर आरोपी बाइक मोड़कर भागने लगा, लेकिन बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। पुलिस ने मौके पर ही उसे दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से 315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस और महिला से छीनी गई सोने की चैन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुलदीप कुमार (27) पुत्र बीरबल, निवासी ग्राम रघुनाथपुर, थाना मंडावर, जनपद बिजनौर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने वर्ष 2022 में कनखल और रानीपुर क्षेत्र में चैन स्नैचिंग की घटनाओं में जेल जाने की जानकारी दी है। पुलिस ने उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की है।
बरामदगी
महिला से छीनी गई सोने की चैन
315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस
वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल
आरोपी का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ कनखल, रानीपुर और ज्वालापुर कोतवाली में चैन स्नैचिंग, चोरी व अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2022 में कनखल पुलिस द्वारा उसे पांच सोने की चैनों के साथ गिरफ्तार किए जाने का भी उल्लेख पुलिस रिकॉर्ड में है।
पुलिस टीम की भूमिका
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र सिंह रावत, व0उ0नि0 मनोज गैरोला, उ0नि0 नरेन्द्र सिंह रावत, उ0नि0 देवेन्द्र सिंह, अ0उ0नि0 ललित मोहन, हे0का0 जसबीर चौहान, का0 दिगपाल भण्डारी, का0 बीरेन्द्र चौहान, का0 प्रलव चौहान और का0 सुनील चौहान शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share.
Leave A Reply