फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी के जरिए नाबालिग से संपर्क किया और उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस के मुताबिक, 5 सितंबर 2026 को पीड़िता के परिजनों की ओर से कोतवाली पिरान कलियर में तहरीर दी गई थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मु0अ0सं0 205/2026 के तहत पॉक्सो अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पीड़िता को आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण एवं उपचार के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भेजा गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए विवेचना उपनिरीक्षक विशाखा राठौर को सौंपी गई। प्रभारी निरीक्षक पिरान कलियर ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की। टीम ने डिजिटल साक्ष्यों के साथ-साथ मैनुअल पुलिसिंग के माध्यम से आरोपी की तलाश तेज की।
पुलिस के लगातार प्रयासों के बाद आरोपी निवासी ग्राम गढ़ीपुख्ता, जनपद शामली, उत्तर प्रदेश को 25 सितंबर 2026 को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, व0उ0नि0 नितिन चौहान, उ0नि0 विशाखा राठौर, हे0का0 सोनू कुमार, का0 आशीश शर्मा (सीआईयू रुड़की) तथा हो0गा0 ललित कुमार शामिल रहे।


