फुरकान अंसारी।
हरिद्वार, 25 सितंबर। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन), उत्तराखंड एपी अंशुमान ने शुक्रवार को हरिद्वार पहुंचकर पुलिस विभाग की प्रारंभिक तैयारियों और निर्माण कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान पुलिस कार्यालय रोशनाबाद स्थित सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर अब तक की गई तैयारियों की जानकारी ली गई और निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक ने कुंभ मेले के दौरान होने वाले विभिन्न स्नान पर्वों को लेकर पुलिस बल की आवश्यकता का आकलन कर उसी के अनुरूप बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ मेले का प्रत्येक स्नान पर्व महत्वपूर्ण है, इसलिए प्रत्येक पर्व के लिए सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण की कार्ययोजना पहले से स्पष्ट और तैयार होनी चाहिए।
बैठक की शुरुआत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, कुंभ मेला हरिद्वार आयुष अग्रवाल द्वारा निर्माण कार्यों में अब तक हुई प्रगति और आगामी कार्ययोजना को लेकर प्रस्तुतीकरण के साथ हुई। इसके बाद एडीजी प्रशासन ने कुंभ मेला-2027 से संबंधित वृहद एवं लघु निर्माण कार्यों तथा अनुरक्षण कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली।
उन्होंने निर्माणाधीन मेला नियंत्रण भवन, उसमें स्थापित किए जाने वाले उपकरणों, पुलिस लाइन, यातायात पुलिस लाइन, जीआरपी लाइन, अस्थायी थाना एवं चौकियों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इसके साथ ही कुंभ कोर क्षेत्र में प्रस्तावित होल्डिंग एवं पार्किंग स्थलों के चिन्हीकरण और भूमि अधिग्रहण की स्थिति की भी जानकारी ली गई। सभी निर्माण एवं प्रस्तावित कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए गए।
अग्नि सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की तैयारियों पर भी जोर
कुंभ मेले के दौरान अग्नि सुरक्षा को लेकर तैयार की गई आपातकालीन योजना की भी समीक्षा की गई। अग्निशमन और भीड़ नियंत्रण के लिए आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता, अतिरिक्त उपकरणों की आवश्यकता तथा उनके क्रय की प्रक्रिया के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली गई।
इसके अलावा कुंभ क्षेत्र में लगाए जाने वाले सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन, उनके लिए चिन्हित स्थानों, उपलब्ध वाहनों एवं अतिरिक्त वाहनों की आवश्यकता की भी समीक्षा की गई। बैठक में अब तक अवमुक्त बजट की स्थिति तथा अतिरिक्त बजट की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई।
पुलिस बल की उपलब्धता और अतिरिक्त आवश्यकता पर मंथन
अधिकारियों ने कुंभ मेले के दौरान तैनात किए जाने वाले पुलिसकर्मियों की उपलब्धता और अतिरिक्त पुलिस बल की आवश्यकता को लेकर भी विस्तृत चर्चा की। एडीजी प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ तैयारियां आगे बढ़ाने और समयबद्ध तरीके से व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस महानिरीक्षक कार्मिक सुनील कुमार मीणा, पुलिस महानिरीक्षक कुंभ मेला डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, पुलिस मुख्यालय/पीएम बरिंदरजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला आयुष अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे, पुलिस अधीक्षक जीआरपी अरुणा भारती, पुलिस अधीक्षक यातायात/अपराध हरिद्वार निशा यादव, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण देहरादून जया बलूनी, अपर पुलिस अधीक्षक संचार विपिन कुमार, उपसेनानायक एसडीआरएफ शुभांक रतुड़ी, सीएफओ कुंभ/हरिद्वार वंश बहादुर यादव, मंडलाधिकारी कुंभ/हरिद्वार संतोष बगड़वाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


