फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। कलियर क्षेत्र के ग्राम शिवदासपुर उर्फ तेलीवाला में सोमवार रात उत्तराखंड गोवंश संरक्षण स्क्वाड और कलियर पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर पॉपुलर के बाग में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से करीब 280 किलो गोमांस, एक गोवंशीय पशु का कटा सिर, एक खाल, चार खुर, गोकशी के उपकरण और दो मोटरसाइकिल बरामद कीं। मौके से एक जीवित गोवंशीय पशु को भी बरामद किया गया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके चार साथी मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि शिवदासपुर उर्फ तेलीवाला स्थित पॉपुलर के बाग में गोकशी की जा रही है। सूचना पर उत्तराखंड गोवंश संरक्षण स्क्वाड और कोतवाली कलियर पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, उसके चार साथी गन्ने और पॉपुलर के खेतों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस को बताया कि गोकशी के लिए गोवंशीय पशुओं को तेलीवाला स्थित एक डेयरी से लाया जाता था। इसके बाद पुलिस टीम ने संबंधित डेयरी का निरीक्षण किया, जहां चार गाय, दो बछिया और एक बैल समेत सात अन्य गोवंशीय पशु भूखे-प्यासे हालत में मिले। पुलिस ने इन सभी पशुओं को कब्जे में लेकर सुरक्षित कराया।
संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने कुल 280 किलो गोमांस बरामद करने के साथ आठ जीवित गोवंशीय पशुओं को गोकशी से बचाया। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश के साथ मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Share.
Leave A Reply