फुरकान अंसारी।

हरिद्वार। कोतवाली रानीपुर पुलिस ने ई-रिक्शा में सवारी को बैठाकर सुनसान स्थान पर ले जाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई 10 हजार रुपये की नगदी, आधार कार्ड, पैन कार्ड, जूते तथा वारदात में प्रयुक्त ई-रिक्शा बरामद किया है। आरोपियों के पास से लोहे का फर्सा और एंगल भी बरामद हुआ है।

 

एसपी सिटी अभय कुमार ने पत्रकार वार्ता में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 12 सितंबर की रात सिडकुल स्थित राजा बिस्कुट चौक से हरिद्वार जाने के लिए पवन कुमार ई-रिक्शा में सवार हुए थे। सेक्टर-4 चौक से आगे केवी स्कूल की ओर जाने वाले सुनसान रास्ते पर ई-रिक्शा चालक और उसमें पहले से बैठे दो अन्य युवकों ने नुकीली वस्तु पेट पर लगाकर उन्हें डराया-धमकाया और उनसे 10 हजार रुपये की नगदी, बैग, कपड़े, दस्तावेज व जूते लूट लिए।

 

पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली रानीपुर में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के शीघ्र खुलासे के लिए रानीपुर पुलिस और सीआईयू हरिद्वार की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ पुराने अपराधियों से पूछताछ और अन्य सुराग जुटाने शुरू किए।

 

13 सितंबर की रात गश्त और चेकिंग के दौरान पुलिस को लीडो क्लब जाने वाले कच्चे रास्ते पर एक ई-रिक्शा में तीन संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पूछताछ और तलाशी लेने पर उनके पास से 10 हजार रुपये, पीड़ित के आधार कार्ड व पैन कार्ड, लोहे का फर्सा, लोहे का एंगल और चमड़े के जूते बरामद हुए।

 

पुलिस के अनुसार, सख्ती से पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे रात के समय अकेली सवारी को ई-रिक्शा में बैठाकर सुनसान स्थान पर ले जाते थे और डराकर लूटपाट करते थे। पूछताछ में आरोपियों ने राजा बिस्कुट चौक से बैठाई गई सवारी से शिव मंदिर के पास लूटपाट करने की बात भी कबूल की। लूटी गई जींस आरोपी आयुष उर्फ अनिकेत के पहने होने की बात सामने आई।

 

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई नगदी व सामान के साथ वारदात में प्रयुक्त ई-रिक्शा और लोहे के औजार कब्जे में ले लिए। पुलिस के अनुसार, आरोपी लालच, नशे और अपने शौक पूरे करने के लिए लूट की वारदात को अंजाम देते थे। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 

गिरफ्तार आरोपी

 

1. श्रवण कुमार (19) निवासी कनपारा, पुवायां, शाहजहांपुर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी सिडकुल बाईपास, हरिद्वार।

2. विजय (20) निवासी बिलसंडा, बरेली, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी रावली महदूद, सिडकुल, हरिद्वार।

3. आयुष उर्फ अनिकेत (20) निवासी नयागांव, शेरकोट, धामपुर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी रावली महदूद, सिडकुल, हरिद्वार।

 

बरामद सामान

 

– 10 हजार रुपये नगद

– आधार कार्ड व पैन कार्ड

– लोहे का फर्सा

– लोहे का एंगल

– चमड़े के जूते

– वारदात में प्रयुक्त ई-रिक्शा

 

आरोपी विजय का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ रानीपुर थाने में शस्त्र अधिनियम के तहत पूर्व में मुकदमा दर्ज है।

 

पुलिस टीम

 

प्रभारी निरीक्षक मनोहर भंडारी, उपनिरीक्षक सुधांशु कौशिक, अपर उपनिरीक्षक सुबोध घिल्डियाल, हेड कांस्टेबल जगदेव, कांस्टेबल विवेक गुसाईं, पीएस दानू और सर्वजीत सिंह शामिल रहे।

 

सीआईयू टीम: निरीक्षक नरेंद्र सिंह बिष्ट (प्रभारी) और कांस्टेबल वसीम।

Share.
Leave A Reply