फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। जिला पंचायत राज अधिकारी मो. मुस्तफा खान ने बताया कि विकासखंड रुड़की की ग्राम पंचायत बेलड़ा ने ग्रामीण स्वच्छता और सामुदायिक आत्मनिर्भरता की प्रभावी मिसाल पेश की है। विकासखंड भगवानपुर के विभिन्न ग्राम प्रधानों के दल ने बेलड़ा पहुंचकर गांव की दैनिक सफाई व्यवस्था और कचरा प्रबंधन मॉडल का अध्ययन किया।
स्वयं सहायता समूह (SHG) से जुड़ी महिलाओं ने ग्राम प्रधानों को घर-घर कूड़ा संग्रहण, गीले-सूखे कचरे का पृथक्करण, नालियों की सफाई और सार्वजनिक मार्गों की नियमित सफाई की व्यवस्था के बारे में जानकारी दी। महिलाओं ने गीले कचरे से जैविक खाद तैयार करने और सूखे कचरे के सुरक्षित निस्तारण की प्रक्रिया भी समझाई।
ग्राम प्रधानों ने बेलड़ा की स्वच्छता व्यवस्था और महिलाओं के प्रबंधन कौशल की सराहना की। गांव की स्वच्छ गलियों, सुचारु नालियों और कचरा मुक्त वातावरण का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने अपने-अपने गांवों में भी इस मॉडल को अपनाने का संकल्प लिया।


