फुरकान अंसारी।
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा, उत्तराखण्ड ने प्रदेश पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों तथा स्थायी एवं विशेष आमंत्रित सदस्यों की सूची जारी कर दी है। मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अनीस गौड़ ने प्रदेश नेतृत्व की सहमति एवं निर्देशानुसार सूची जारी की।
सूची में नैनीताल जिले की हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र निवासी वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष जहीर अंसारी को भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा, उत्तराखण्ड का प्रदेश प्रवक्ता नियुक्त किया गया है।
नई जिम्मेदारी मिलने पर जहीर अंसारी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश प्रभारी एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश गिरी, मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अनीस गौड़ सहित पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताते हुए महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है, उसका निर्वहन वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सेवाभाव के साथ करेंगे।
अंसारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मूलमंत्र “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” की भावना को जन-जन तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने, जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने और संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करने के लिए वह पूरी ऊर्जा के साथ कार्य करेंगे।
गौरतलब है कि जहीर अंसारी इससे पूर्व भी भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा में प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। संगठनात्मक कार्यों और जनसेवा के क्षेत्र में उनके अनुभव को देखते हुए प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी मिलने पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है।
उन की नियुक्ति पर विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित पार्टी कार्यकर्ताओं ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।


