फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। जश्ने ईद-उल-मिलादुन्नबी के अवसर पर 23 अगस्त, रविवार को ज्वालापुर के इंडियन पब्लिक स्कूल, कोटरवान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में ब्लड वालंटियर टीम हरिद्वार का सहयोग रहेगा।
अंजुमन गुलामाने मुस्तफा स. के अध्यक्ष हाजी शफी खान ने कहा कि रक्तदान महादान है। जरूरतमंद मरीजों की जिंदगी बचाने में रक्त की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ईद-उल-मिलादुन्नबी के मौके पर रक्तदान कर समाजसेवा का संदेश देना नेक और सराहनीय कार्य है।
अंजुमन गुलामाने मुस्तफा स. के उपाध्यक्ष एवं ज्वालापुर ईदगाह कमेटी के सदर हाजी जमशेद खान ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर रक्तदान करने और मानव सेवा में अपना योगदान देने की अपील की।
वहीं ब्लड वालंटियर टीम हरिद्वार के अध्यक्ष अनिल अरोड़ा ने भी लोगों से बढ़-चढ़कर रक्तदान शिविर में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने में मददगार बन सकता है। उन्होंने युवाओं सहित सभी स्वस्थ लोगों से शिविर में पहुंचकर रक्तदान करने का आह्वान किया।


