फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। अंजुमन गुलामाने मुस्तफा सोसाइटी के संयोजन में जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर छह दिवसीय धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों की शुरुआत 20 अगस्त से होगी और 26 अगस्त को भव्य मोहम्मदी जुलूस के साथ इसका मुख्य आयोजन होगा।
प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में सोसाइटी के सदर हाजी शफी खान और सचिव राहिल कुरैशी ने संयुक्त रूप से कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 20 अगस्त को कलियर शरीफ में चादर पेश करने के साथ लंगर का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 23 अगस्त को इंडियन पब्लिक स्कूल, ज्वालापुर में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 24 अगस्त को अजरधाम, हरिद्वार में दिव्यांगजनों को भोजन एवं फल वितरित किए जाएंगे। 25 अगस्त को पीलीभीत से हजरत बिलाल मियां हरिद्वार पहुंचेंगे। चंडी पुल पर उनका स्वागत किया जाएगा, जिसके बाद वे कोटरावान स्थित सदर साहब के निवास पर विश्राम करेंगे। इसी दिन जिला चिकित्सालय और बंगाली हॉस्पिटल में मरीजों को फल वितरित किए जाएंगे।
26 अगस्त को निकलेगा मोहम्मदी जुलूस
कार्यक्रमों का मुख्य आकर्षण 26 अगस्त को निकाला जाने वाला मोहम्मदी जुलूस होगा। इसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल होंगे। आयोजकों ने बताया कि जुलूस के माध्यम से पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के इंसानियत, भाईचारे और आपसी सौहार्द के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
सोसाइटी के अध्यक्ष हाजी शफी खान और सचिव राहिल कुरैशी ने कहा कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक सेवा को बढ़ावा देना भी है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा की ओर बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उन्हें समाज व राष्ट्र की तरक्की में सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।
सोसाइटी के नायब सदर एवं ज्वालापुर ईदगाह कमेटी के सदर हाजी जमशेद खान तथा नायब सदर हाजी रफी खान ने कहा कि पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब ने पूरी दुनिया को इंसानियत, भाईचारे और आपसी सौहार्द का संदेश दिया। उनके आदर्शों पर चलते हुए समाज में एकता, प्रेम और भाईचारा मजबूत करना सभी की जिम्मेदारी है।
पत्रकार वार्ता में मसूद खान, नौशाद अली साबरी, आलम सैफी, फैसल खान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


