फुरकान अंसारी।ऐओ

हल्द्वानी/चोरगलिया, 16 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज नैनीताल जनपद के भ्रमण पर राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी, चोरगलिया पहुंचे। यहां हैलीपैड पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी में क्षेत्रीय जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम पूछी तथा विभिन्न समस्याओं को सुना। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। छोटी-छोटी समस्याओं के लिए लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

शेर नाला पर नवनिर्मित सेतु का लोकार्पण

इसके बाद मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर शेर नाला में 9.93 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित 120 मीटर लंबे डबल लेन आरसीसी कंक्रीट सेतु का लोकार्पण किया।

शेर नाला बरसात के मौसम में उफान पर आने के कारण क्षेत्रवासियों के लिए लंबे समय से परेशानी का कारण बना हुआ था। तेज बारिश के दौरान आवागमन बाधित होने से स्थानीय लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। नवनिर्मित सेतु के निर्माण से अब मानसून के दौरान आवागमन सुगम होगा। इससे स्थानीय जनता के साथ-साथ हल्द्वानी, चोरगलिया और सितारगंज मार्ग से गुजरने वाले पर्यटकों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी।

सेतु के लोकार्पण पर क्षेत्रीय लोगों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण सौगात बताया।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Share.
Leave A Reply