फुरकान अंसारी।

हरिद्वार/लक्सर, 12 अगस्त। कोतवाली लक्सर पुलिस ने अंकित चौहान की गुमशुदगी के मामले का खुलासा करते हुए ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस के अनुसार, पुरानी रंजिश और कारोबार में नुकसान के चलते चार लोगों ने मिलकर अंकित की हत्या की और शव को मोटरसाइकिल से बांधकर गंगा नदी में डुबो दिया। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, 2-3 अगस्त की रात शिवपुरी रायसी निवासी अंकित चौहान मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था, लेकिन रास्ते से अचानक लापता हो गया और उसका मोबाइल फोन भी बंद हो गया। परिजनों की सूचना पर कोतवाली लक्सर में गुमशुदगी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल, मोबाइल टावर लोकेशन समेत अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच के साथ ही मैनुअल पुलिसिंग के माध्यम से मामले की पड़ताल की। जांच में सामने आया कि अंकित की गांव के ही सचिन, मेहकार, कुलवंत और अंकित चौहान उर्फ फौजी से पुरानी रंजिश चल रही थी।

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार करते हुए बताया कि अंकित ट्रैक्टर-ट्रॉली खनन के मामले में उनकी मुखबिरी कर उन्हें पकड़वा देता था, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा था। इसी रंजिश के चलते उन्होंने अंकित को रास्ते से हटाने की साजिश रची। आरोपियों के अनुसार, 2 अगस्त की रात अंकित को रास्ते में रोककर उसकी हत्या कर दी गई और शव को शिवपुरी गांव के पास खुसरो की ठोकर से मोटरसाइकिल के साथ बांधकर गंगा नदी में डुबो दिया गया।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एसडीआरएफ के गोताखोरों की मदद से गंगा नदी में तलाश अभियान चलाया। अथक प्रयासों के बाद मृतक का शव और मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 103, 238 एवं 61(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी अंकित चौहान उर्फ फौजी पूर्व में थाना खानपुर से हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है। आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम: प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कोश्यारी, SSI नितिन चौहान, चौकी प्रभारी रायसी राजीव उनियाल, चौकी प्रभारी भीकमपुर यशवीर नेगी, कांस्टेबल अरविंद, ध्वजवीर, हिमांशु चौधरी, मुकेश, अनूप पोखरियाल, सुरेश तथा हेड कांस्टेबल महेंद्र सिंह और रविंद्र शामिल रहे।

Share.
Leave A Reply