फुरकान अंसारी।

हरिद्वार, 2 अगस्त 2026। कांवड़ मेला 2026 के दौरान हरिद्वार पुलिस एवं ट्रैफिक वालंटियर की मुस्तैदी और संवेदनशीलता का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया। करनाल निवासी 17 वर्षीय नाबालिग बालिका अपने भाइयों से बिछड़कर पुल जटवाड़ा क्षेत्र तक पहुंच गई थी। अचानक बहन के लापता होने से परिजन बेहद परेशान हो गए और उन्होंने तत्काल पुलिस से मदद की गुहार लगाई।

सूचना मिलते ही शंकराचार्य पॉइंट पर ड्यूटी पर तैनात सब इंस्पेक्टर चंदन सिंह, ट्रैफिक वालंटियर राजकुमार वाधवा एवं अनुराग ने बिना समय गंवाए बच्ची की तलाश शुरू कर दी। लगभग दो घंटे तक लगातार विभिन्न स्थानों पर खोजबीन और कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने नाबालिग खुशी को सकुशल तलाश कर लिया।

इसके बाद पुलिस टीम ने पूरी पुष्टि के साथ खुशी को उसके दोनों भाइयों सूर्य एवं मानव के सुपुर्द कर दिया। बहन को सुरक्षित वापस पाकर दोनों भाइयों की आंखें खुशी से नम हो गईं। उन्होंने हरिद्वार पुलिस एवं ट्रैफिक वालंटियर टीम की तत्परता, मानवीय संवेदनशीलता और समर्पित कार्यशैली की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

कांवड़ मेले जैसे विशाल आयोजन में हरिद्वार पुलिस और ट्रैफिक वालंटियर लगातार श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सहायता के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य कर रहे हैं। यह घटना उनकी सतर्कता, त्वरित कार्रवाई और जनसेवा के प्रति समर्पण का एक प्रेरणादायक उदाहरण है। 

Share.
Leave A Reply