फुरकान अंसारी।
हरिद्वार/लक्सर,12/07/2026। ग्राम ऐथल बुजुर्ग स्थित जनरल शहनवाज राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ लक्सर विधायक शहजाद ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
विधायक शहजाद ने कहा कि युवा ऊर्जा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति है। खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह अनुशासन, संघर्ष, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का निर्माण करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि खेल मैदान में विकसित होने वाला जज़्बा युवाओं को जीवन की हर चुनौती का साहसपूर्वक सामना करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल उन्हें उचित अवसर, बेहतर मार्गदर्शन और निरंतर प्रोत्साहन देने की है। ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच उपलब्ध कराते हैं और उन्हें प्रदेश व देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित करते हैं।
विधायक शहजाद ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताएँ युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती हैं और समाज में स्वस्थ एवं जागरूक वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे पूरे जुनून, समर्पण और आत्मविश्वास के साथ खेलों में भाग लें तथा अपने गाँव, प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाएँ।


