फुरकान अंसारी।

हरिद्वार,12/07/2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में हरिद्वार पुलिस ने फर्जी करेंसी गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए पंजाब से गिरोह के दो प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल ₹1.10 लाख के नकली नोट, नकली नोट छापने में प्रयुक्त प्रिंटर तथा एक वरना कार बरामद की है।

गौरतलब है कि 6 जुलाई 2026 को कोतवाली नगर पुलिस ने चार आरोपियों के कब्जे से ₹84,500 के नकली नोट बरामद कर मुकदमा दर्ज किया था। न्यायालय के आदेश पर सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया था। बाद में न्यायिक अभिरक्षा में निरुद्ध दो आरोपियों को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई, जिसमें मिले अहम सुरागों के आधार पर पुलिस टीम पंजाब पहुंची।

पुलिस ने पवन कुमार को पठानकोट हाईवे स्थित उसके ढाबे से ₹5,000 के नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया, जबकि सुखबीर सिंह को ₹1 लाख के नकली नोट, नकली नोट छापने वाले प्रिंटर और एक वरना कार सहित दबोच लिया।

जांच में सामने आया कि पवन ढाबे और सुखबीर कपड़ों के कारोबार की आड़ में नकली नोटों का कारोबार चला रहे थे। आरोपी असली ₹50,000 के बदले ₹1 लाख के नकली नोट देकर अवैध मुनाफा कमाते थे।

पुलिस के अनुसार सुखबीर सिंह वर्ष 2020 में बैंक फ्रॉड तथा वर्ष 2024 में जाली करेंसी के मामले में पंजाब में जेल जा चुका है, जबकि पवन कुमार वर्ष 2022 में एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल गया था। जेल के दौरान दोनों की दोस्ती हुई और वहीं से नकली नोटों का कारोबार शुरू करने की योजना बनाई गई।

हरिद्वार पुलिस की टीम ने लंबी और तकनीकी जांच के बाद पंजाब पहुंचकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और इनके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है। दोनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा।

Share.
Leave A Reply