लोकेश कुमार पत्रकार 

लक्सर। लक्सर वन क्षेत्र के भोगपुर गांव में जंगली जानवरों द्वारा फसलों को लगातार नुकसान पहुंचाए जाने से किसानों में नाराजगी व्याप्त है। मंगलवार को वन दरोगा अनीश सैनी और वन विभाग के कर्मचारी गांव के कृषि क्षेत्र में पहुंचे तो ग्रामीणों ने फसल नुकसान की समस्या को लेकर अपनी नाराजगी व्यक्त की। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से जंगली जानवर उनकी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे किसानों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भोगपुर निवासी किसान नंदराम ने बताया कि किसान कर्ज लेकर खेती करते हैं और दिन-रात खेतों की रखवाली भी करते हैं, लेकिन जंगली जानवरों के कारण उनकी मेहनत प्रभावित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या के समाधान के लिए अपेक्षित कदम नहीं उठाए गए और न ही नुकसान की भरपाई हो सकी। किसानों के अनुसार, वर्ष 2025 में उनकी मांग पर छह प्रहरियों की तैनाती की गई थी, लेकिन उनमें से केवल तीन ही मौके पर तैनात हो पाए और 15 जून 2026 को उन्हें भी हटा लिया गया। ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रभावित किसानों की नष्ट हुई फसलों का सर्वे कराकर नुकसान का आकलन करने, नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने तथा फसलों की सुरक्षा के लिए स्थायी और प्रभावी उपाय किए जाने की मांग की है। वहीं वन क्षेत्राधिकारी महेंद्र गिरी ने बताया कि किसानों के मुआवजे से संबंधित कोई भी प्रार्थना पत्र विभाग स्तर पर लंबित नहीं है और सभी आवेदन आगे प्रेषित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि स्टाफ की कमी के कारण कुछ कठिनाइयां हैं, लेकिन उपलब्ध कर्मचारी किसानों के साथ मिलकर फसलों की सुरक्षा और जंगली जानवरों से बचाव के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।

Share.
Leave A Reply