फुरकान अंसारी।

हरिद्वार, 29 जून 2026। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार, रोशनाबाद में जिला गंगा संरक्षण समिति की 74वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक में गंगा संरक्षण, घाटों की स्वच्छता, अतिक्रमण हटाने, प्रदूषण नियंत्रण एवं जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा कर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। 

        बैठक में जनपद के गंगा घाटों पर हो रहे अतिक्रमण को गंभीरता से लेते हुए सिंचाई विभाग हरिद्वार, सिंचाई विभाग उत्तर प्रदेश तथा नगर निगम हरिद्वार को संयुक्त रूप से प्रभावी अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही घाटों को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए नियमित निरीक्षण एवं सतत कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। 

      अपर जिलाधिकारी ने गंगा घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में प्लास्टिक, कूड़ा-कचरा एवं पूजा सामग्री फेंकने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश नगर निगम को दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं निर्मल गंगा के लिए प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग पर प्रभावी नियंत्रण तथा जुर्माने की कार्रवाई लगातार जारी रखी जाए।

        बैठक में सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया कि गंगा संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जनसामान्य को जागरूक करने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित किए जाएं। विद्यालयों, सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों एवं स्थानीय नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए लोगों को गंगा को प्रदूषण मुक्त रखने के लिए प्रेरित किया जाए।

      अपर जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग हरिद्वार को निर्देश दिए कि गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं एवं आमजन को जागरूक करने हेतु लाउडस्पीकर तथा सूचनापरक बोर्ड लगाने का कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाए, जिससे गंगा में कूड़ा एवं प्लास्टिक डालने पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

       बैठक में जनपद में संचालित सीवेज शोधन संयंत्रों (एसटीपी) के कार्य प्रदर्शन की भी समीक्षा की गई तथा संबंधित विभागों को गंगा की स्वच्छता एवं जल गुणवत्ता बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।

    बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ आर के सिंह,एडवोकेट हिमांशु शरीन, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड रुड़की डॉ राजेंद्र सिंह,सीवीओ सतीश जोशी,उप मुख्य नगर अधिकारी दीपक गोस्वामी, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल,जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे सत्यदेव आर्य,असिटेंट इंजीनियर एचआरडीए वर्षा, कुलदीप सिंह रावत, हेमचंद,संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share.
Leave A Reply