लोकेश कुमार
लक्सर। विकासखंड कार्यालय लक्सर में ब्लॉक प्रमुख हर्ष कुमार की अध्यक्षता में क्षेत्र समिति (बीडीसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके समाधान की मांग की।
बैठक के दौरान भीकमपुर, मखायली, खानपुर, ब्रह्मपुर और मुंडाखेड़ा के प्रधानों ने पेयजल संकट, गंदे पानी की आपूर्ति, कम प्रेशर और क्षतिग्रस्त पेयजल कनेक्शनों की समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। वहीं सेठपुर के जनप्रतिनिधियों ने सड़कों पर बने गहरे गड्ढों और जर्जर सड़क व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए शीघ्र मरम्मत की मांग की।
ब्लॉक प्रमुख हर्ष कुमार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों का समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने और विकास कार्यों में जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने पर जोर दिया।
बैठक का संचालन खंड विकास अधिकारी प्रवीण भट्ट ने किया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


