लोकेश कुमार पत्रकार
लक्सर। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से नगर पंचायत सुल्तानपुर आदमपुर कार्यालय में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता लक्सर क्षेत्राधिकारी (सीओ) देवेंद्र सिंह नेगी ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए सीओ देवेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि मोहर्रम आपसी भाईचारे, त्याग और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने सभी लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की। साथ ही स्पष्ट किया कि मोहर्रम के दौरान मुंह में तेल डालकर आग पर फूंक मारने जैसी गतिविधियां पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेंगी तथा ताजिया और झंडों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप ही रखी जाए।
उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध सूचना की जानकारी तत्काल प्रशासन को दी जाए।
वहीं कोतवाली प्रभारी प्रवीण कोश्यारी ने कहा कि मोहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जुलूस एवं अखाड़ा प्रदर्शन के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। उन्होंने लोगों से प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
बैठक में मोहर्रम जुलूस, अखाड़ा प्रदर्शन, यातायात व्यवस्था एवं सुरक्षा संबंधी विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने मोहर्रम पर्व को शांति, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर इंस्पेक्टर प्रवीण कोश्यारी, चौकी प्रभारी वीरेंद्र सिंह नेगी, नगर पंचायत चेयरमैन प्रतिनिधि ताहिर हसन, ग्राम प्रधान इस्तखार अहमद, ताहिर कमरुद्दीन, शहजाद आलम, जावेद अली, अमजद अली, नसीम अहमद, अमानत, शादाब अली, वासिद अली सहित मुस्लिम समुदाय के गणमान्य नागरिक, सभासदगण एवं अखाड़ा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।


