लक्सर पथरी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देशन में वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पथरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की छह मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
जानकारी के अनुसार थाना पथरी क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी की दो घटनाओं के संबंध में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किए गए थे। मामलों की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार ने चोरी गए वाहनों की शीघ्र बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
निर्देशों के अनुपालन में पथरी पुलिस ने घटनास्थलों का निरीक्षण कर डिजिटल साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज का गहन अध्ययन किया। जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर घुण्टी चौक जाने वाले मार्ग से दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने विभिन्न स्थानों से छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। बरामद वाहनों के संबंध में भी पुलिस जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुधांशु पुत्र पवन निवासी धनपुरा, थाना पथरी तथा मनीत पुत्र श्याम सिंह निवासी धनपुरा, थाना पथरी के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस क्षेत्रीय अधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी का कहना है कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर आगे और गिरफ्तारियां की जा सकती हैं।


