फुरकान अंसारी।
हरिद्वार/पिरान कलियर,21/06/2026। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो का संज्ञान लेते हुए कोतवाली पिरान कलियर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार नाबालिग बच्चों के साथ मारपीट और क्रूरता करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार व्हाट्सएप के माध्यम से ग्राम दरियापुर का एक वीडियो प्राप्त हुआ था, जिसमें चार नाबालिग बच्चों के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल वीडियो का सत्यापन और जांच की।
जांच में सामने आया कि दरियापुर निवासी मेघराज और महावीर पुत्रगण रामप्रसाद ने बच्चों पर कोल्ड ड्रिंक चोरी का आरोप लगाते हुए उन्हें लाठी-डंडों से पीटा, गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी तथा उन्हें बंधक बनाकर क्रूर व्यवहार किया।
मामले में कोतवाली पिरान कलियर में दिनांक 21 जून 2026 को मु.अ.सं. 130/2026 के तहत धारा 75 किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की सुरक्षा और अधिकारों के साथ खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा कानून को हाथ में लेने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रशिक्षु क्षेत्राधिकारी/प्रभारी निरीक्षक द्विव्येश उपाध्याय, उपनिरीक्षक शहजाद अली तथा हेड कांस्टेबल आनंद सिंह शामिल रहे।


