फुरकान अंसारी।
हरिद्वार, 16 जून। बीएचईएल हरिद्वार में मंगलवार को ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एटक) के बैनर तले कर्मचारियों ने प्रबंधन की कथित हठधर्मिता और मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ वेस्टर्न गेट पर विशाल विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने लंबित मांगों के शीघ्र समाधान तथा जेसीएम (ज्वाइंट कंसल्टेटिव मशीनरी) की बैठक तत्काल बुलाने की मांग उठाई।
एटक नेताओं ने कहा कि कर्मचारियों की विभिन्न जायज मांगें लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन प्रबंधन उनकी अनदेखी कर रहा है। यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने को बाध्य होगा।
प्रदर्शन के दौरान प्रमुख मांगों में पीपी भुगतान एवं अन्य ज्वलंत मुद्दों के समाधान के लिए जेसीएम बैठक की तिथि घोषित करना, आर्टीजन से पर्यवेक्षक वर्ग में जीरो ईयर पदोन्नति लागू करना, आर्टीजन प्रशिक्षुओं को न्यूनतम वेतन के स्थान पर ₹29,500 वेतनमान देना, ऑफलोडिंग पर रोक लगाना तथा ओवरटाइम भुगतान को पूर्ववत शुरू करना शामिल रहा।
इसके अलावा लैपटॉप प्रतिपूर्ति योजना को पुनः लागू करने, मृतक आश्रितों के लिए अनुकंपा नियुक्ति अनिवार्य करने, बीएचईएल अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की स्थायी भर्ती करने, उपनगरीय क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा कर्मचारियों को खाली भूमि पर प्लॉट आवंटित करने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई।
यूनियन ने संविदा कर्मियों के वेतन में वृद्धि, उन्हें वर्षभर कार्य उपलब्ध कराने, कोविड असिस्टेंस स्कीम के तहत सहायता राशि का विस्तार, मेडिकल डिपेंडेंसी सीमा बढ़ाने तथा हॉलीडे होम स्कीम में माता-पिता को भी शामिल करने की मांग रखी।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए एटक अध्यक्ष नईम खान, महामंत्री संदीप चौधरी एवं परमाल सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों के हितों की लगातार उपेक्षा की जा रही है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रबंधन से वार्ता कर समस्याओं का समाधान करने की मांग की।
इस अवसर पर वरिष्ठ नेता संतोष तिवारी, मनमोहन कुमार, अजित सिंह, अमृत रंजन, रविकांत त्यागी, अशोक शर्मा, सुभाष त्यागी, रवि प्रताप राय, देवी प्रसाद कानूनगो, तरुण डुडेजा, विनीत चौधरी, अनुराग सेमवाल, धीरज बालियान, योगेश कुमार, शेखर कुमार, दीपक कुमार, देवाशीष जोशी, अतुल सोनार, जितेंद्र चहल सहित सैकड़ों कर्मचारी एवं यूनियन कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


