70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को परिजनों से मिलाकर हरिद्वार पुलिस बनी सहारा

हरिद्वार। कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने मानवता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को सकुशल उसके परिजनों से मिलाकर उनके चेहरे पर मुस्कान लौटा दी।11 जून 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि दुर्गा चौक के पास एक वृद्ध महिला अकेली बैठी हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने महिला से पूछताछ की, जिसने अपना नाम सोमी पत्नी अतर सिंह बताया, लेकिन वह अपना पता बताने में असमर्थ थी। महिला कांस्टेबल की सहायता से उन्हें कोतवाली ज्वालापुर लाया गया और उनके परिजनों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने कंट्रोल रूम, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया तथा अन्य माध्यमों से भी जानकारी जुटाने का प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।लगातार प्रयासों के बीच 14 जून को अपर उप निरीक्षक प्रताप दत्त शर्मा ने दोबारा गहन पूछताछ की, जिसमें महिला ने अपना मायका वजीरपुर, थाना गंगोह, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) बताया। इसके बाद पुलिस ने थाना गंगोह और ग्राम प्रधान वजीरपुर से संपर्क किया। ग्राम प्रधान की मदद से महिला के भतीजे का पता लगाया गया और परिजनों को सूचना दी गई।परिजनों ने बताया कि महिला घर से अपनी बहन के यहां जाने की बात कहकर निकली थीं और उनके हरिद्वार पहुंचने की जानकारी उन्हें नहीं थी। पुलिस ने सभी औपचारिकताएं पूरी कर महिला को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने हरिद्वार पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की इस मानवीय पहल की सराहना की।पुलिस टीम:अपर उप निरीक्षक प्रताप दत्त शर्मा, महिला कांस्टेबल सुल्ताना एवं महिला होमगार्ड सायरा बानो।

Share.
Leave A Reply