फुरकान अंसारी।

हरिद्वार,13/06/2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में थाना सिडकुल पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले में फरार आरोपियों को संरक्षण देने वाले चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस पहले ही इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी है।

थाना सिडकुल में 10 जून 2026 को सचिन पुत्र सुबीर निवासी तलाई तल्ली, पौड़ी गढ़वाल (हाल निवासी ओम शांति धाम कॉलोनी, हेतमपुर) की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार विशाल सहित 9-10 लोगों ने लाठी-डंडों और तलवारों से लैस होकर उसके भाई, जीजा और मित्र पर जान से मारने की नीयत से हमला किया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान डिजिटल साक्ष्यों का गहन विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की सहायता से पुलिस ने फरार आरोपियों को शरण एवं संरक्षण देने के आरोप में चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि किसी भी आरोपी को संरक्षण देने वाले व्यक्तियों के खिलाफ भी सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

गिरफ्तार आरोपी

कमल कुमार पुत्र ओमपाल, निवासी तेलकपुरी भोगपुर, लक्सर, हरिद्वार

कमल सिंह पुत्र चतर सिंह, निवासी मंती हसनपुर, थाना थानाभवन, शामली (उ.प्र.)

पोपिन पुत्र छन्दूलाल, निवासी खानपुर ब्रह्मपुरी, लक्सर, हरिद्वार

शिवकुमार पुत्र सुनील कुमार, निवासी महावतपुर, थाना नजीबाबाद, बिजनौर (उ.प्र.)

पुलिस टीम

व0उ0नि0 प्रवीण बिष्ट, उ0नि0 देवेंद्र सिंह चौहान, हे0का0 संजय सिंह एवं हे0का0 जितेन्द्र मलिक ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

हरिद्वार पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि कानून को अपने हाथ में लेने वालों और उन्हें संरक्षण देने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Share.
Leave A Reply