फुरकान अंसारी।

हरिद्वार, 13 जून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 7.966 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार देर रात कोतवाली नगर पुलिस की टीम सर्वानंद घाट पार्किंग क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पार्किंग के पीछे खाली प्लॉट से झुग्गी बस्ती की ओर जा रहा एक युवक पुलिस को देखकर घबरा गया और बैग लेकर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा कर घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

तलाशी लेने पर उसके बैग से पत्तीदार पदार्थ बरामद हुआ। जांच और वजन करने पर यह 7.966 किलोग्राम अवैध गांजा निकला। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रमोद साहनी पुत्र रामबिलास साहनी निवासी खुड़बुड़ा मोहल्ला, कांवली रोड, देहरादून तथा वर्तमान पता बंगाली बस्ती, मोतीचूर, रायवाला बताया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। बरामद गांजे की खेप वह कहां से लाया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था, इस संबंध में पुलिस गहन जांच-पड़ताल कर रही है।

कोतवाली नगर पुलिस की इस कार्रवाई को नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है। हरिद्वार पुलिस का कहना है कि नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए जिले में नशा तस्करों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Share.
Leave A Reply