फुरकान अंसारी।
हरिद्वार 05 जून, 2026। उप जिलाधिकारी हरिद्वार योगेश मेहरा ने अवगत कराया है कि जिला मजिस्ट्रेट हरिद्वार के कार्यालय आदेश दिनांक 01 जून, 2026 के अनुपालन में कोतवाली नगर क्षेत्रान्तर्गत सप्तऋषि चौकी के समीप श्रीराम पंजाबी ढाबे के पास सर्विस लाइन से हाईवे कट पर बस संख्या AR06-C-0963 के पलटने से हुई दुर्घटना की मजिस्ट्रियल जांच हेतु उन्हें जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।
उन्होंने अवगत कराया है कि उक्त दुर्घटना में कई व्यक्ति गंभीर एवं साधारण रूप से घायल हुए थे। घटना स्थल कोतवाली नगर थाना क्षेत्र में स्थित है।
जिला मजिस्ट्रेट के निर्देशानुसार उक्त दुर्घटना की जांच प्रारंभ कर दी गई है। इस संबंध में यदि किसी भी व्यक्ति के पास घटना से जुड़ा कोई साक्ष्य, प्रत्यक्षदर्शी बयान अथवा अन्य महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध हो, तो वह संबंधित जानकारी लिखित अथवा मौखिक रूप से 03 दिवस के भीतर तहसील कार्यालय में प्रस्तुत कर सकता है।
उन्होंने जनपद के नागरिकों से अपील की जाती है कि जांच में सहयोग करते हुए सत्य एवं तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि दुर्घटना के कारणों का समुचित निर्धारण किया जा सके।

