फुरकान अंसारी।
हरिद्वार,05/06/2026। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हरिद्वार पुलिस द्वारा पुलिस लाइन रोशनाबाद में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह ने किया।
शुक्रवार को साप्ताहिक परेड के उपरांत आयोजित कार्यक्रम में SP क्राइम, SP सिटी सहित अन्य राजपत्रित अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान परिसर में 200 से अधिक पौधों का रोपण किया गया।
इस अवसर पर SSP नवनीत सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। वृक्ष हमें शुद्ध वायु प्रदान करने के साथ-साथ पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल कर उन्हें पूर्ण विकसित वृक्ष बनाना भी सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से वृक्षारोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण, हरित वातावरण एवं स्वच्छ भविष्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया गया।


