फुरकान अंसारी।

हरिद्वार,04/06/2026। जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत हरिद्वार पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है। इसी क्रम में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक मारपीट के वीडियो का तत्काल संज्ञान लेते हुए कोतवाली नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर दो आरोपियों को हिरासत में लिया है।

जानकारी के अनुसार 03 जून 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें कुछ व्यक्ति एक युवक के हाथ बांधकर उसके साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे थे। वीडियो सामने आते ही हरिद्वार पुलिस हरकत में आई और मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बिना देरी मुकदमा दर्ज करते हुए वीडियो में दिखाई दे रहे दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी रोड़ीबेलवाला क्षेत्र स्थित एक पार्किंग में कार्यरत थे। किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद दोनों ने युवक के साथ मारपीट की थी। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों के खिलाफ शांति व्यवस्था भंग करने सहित संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की गई है।

वहीं जांच के दौरान यह भी पाया गया कि पार्किंग संचालक द्वारा वहां कार्यरत कर्मचारियों का सत्यापन नहीं कराया गया था। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने संचालक के विरुद्ध भी पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की।

हरिद्वार पुलिस ने साफ किया है कि जनपद में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों, असामाजिक तत्वों तथा सत्यापन नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस सोशल मीडिया पर भी लगातार निगरानी बनाए हुए है ताकि किसी भी घटना पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

पुलिस टीम में शामिल 

उ0नि0 संदीप वर्मा

का0 प्रकाश

का0 लखन सिंह रहे।

Share.
Leave A Reply