फुरकान अंसारी।
हरिद्वार,01/06/2026। नवनीत सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन “प्रभात” के तहत कोतवाली रानीपुर पुलिस और सीआईयू टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तमंचे के बल पर स्कूटी, मोबाइल और नगदी लूटने वाले चार युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई स्कूटी, मोबाइल, पर्स, तमंचा, कारतूस और चाकू बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 23 मई 2026 की रात सीतापुर निवासी सौरभ सती अपनी स्कूटी से सिडकुल की ओर से घर लौट रहे थे। चिन्मय डिग्री कॉलेज के पास पीछे से आए चार स्कूटी सवार युवकों ने उन्हें रोक लिया और तमंचा दिखाकर उनकी स्कूटी, मोबाइल, पर्स और पांच हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। मामले में कोतवाली रानीपुर में मुकदमा दर्ज किया गया।
पॉश इलाके में हुई इस घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने तत्काल खुलासे के निर्देश दिए। इसके बाद कोतवाली रानीपुर और सीआईयू की संयुक्त टीम गठित कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने पुराने अपराधियों से पूछताछ, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय इनपुट के आधार पर सुराग जुटाए। जांच में सामने आया कि आरोपी वारदात के दौरान गलियों और आंतरिक रास्तों का इस्तेमाल कर रहे थे, जिससे उनके स्थानीय होने की आशंका मजबूत हुई।
31 मई की रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रेगुलेटर पुल के पास चार संदिग्ध युवकों को स्कूटी सहित रोक लिया। जांच के दौरान स्कूटी पर लगी नंबर प्लेट संदिग्ध मिली। इंजन और चैसिस नंबर मिलान करने पर पुष्टि हुई कि स्कूटी लूट की ही है, जिस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी।
तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से पीड़ित का मोबाइल, पर्स, आधार कार्ड, पैन कार्ड, दो हजार रुपये नगद, एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा एक चाकू बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी दोबारा किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
पुलिस टीम
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मनोहर भंडारी, उपनिरीक्षक चरण सिंह, उपनिरीक्षक अंशुल अग्रवाल समेत कोतवाली रानीपुर पुलिस एवं सीआईयू टीम की अहम भूमिका रही।
Add A Comment


