फुरकान अंसारी।
हरिद्वार। कृपया सादर अवगत कराना है कि आज दिनांक 01.06.2026 को प्रातः लगभग 07:15 बजे कोतवाली नगर हरिद्वार क्षेत्रान्तर्गत सप्तऋषि चौकी के सामने श्रीराम पंजाबी ढाबे के निकट सर्विस लेन से हाईवे कट पर एक सड़क दुर्घटना घटित हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजस्थान के नागौर जनपद से आए लगभग 45 श्रद्धालु पूर्णिमा स्नान हेतु हरिद्वार आए हुए थे, जो भूपतवाला स्थित घांची धर्मशाला में ठहरे हुए थे। श्रद्धालुओं की कुल तीन बसें थीं। आज प्रातः सभी यात्री वापस नागौर, राजस्थान लौट रहे थे।
इसी दौरान बस संख्या AR06-C-0963 धर्मशाला से निकलकर सर्विस लेन से हाईवे पर हरिद्वार की ओर मुड़ रही थी, तभी देहरादून से हरिद्वार की ओर आ रहे डम्पर संख्या UK08-CB-8077 ने बस के पिछले हिस्से में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बस अनियंत्रित होकर पलट गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा तथा सभी घायलों को शीघ्र उपचार हेतु जिला मेला अस्पताल एवं महिला अस्पताल हरिद्वार भिजवाया गया। दुर्घटना में कुल 38 व्यक्ति घायल हुए हैं, जिनमें 30 महिलाएं, 06 पुरुष एवं 02 बालिकाएं शामिल हैं। उपचार के दौरान एक महिला की मृत्यु हो गई। मृतका के शव को जिला अस्पताल हरिद्वार की मोर्चरी में सुरक्षित रखा गया है।
घायलों का उपचार जारी है तथा पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
किसी भी प्रकार की अन्य जानकारी हेतु प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली नगर हरिद्वार मो० 9411112827 पर संपर्क किया जा सकता है।


