फुरकान अंसारी।

हरिद्वार,24/05/2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत कोतवाली श्यामपुर पुलिस ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले युवकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने “मकड़ा गैंग” के नाम से सक्रिय पांच युवकों को हिरासत में लिया है।

पुलिस के अनुसार 23 मई 2026 को सूचना मिली थी कि ग्राम गाजीवाली क्षेत्र में कुछ युवक मोटरसाइकिल और कारों के साथ लाठी-डंडों से लैस होकर गैंग बनाकर हुड़दंग और लड़ाई-झगड़ा कर रहे हैं, जिससे क्षेत्र में भय और अशांति का माहौल बना हुआ था।

सूचना मिलते ही थाना श्यामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए पांच युवकों को पकड़ लिया। सभी को धारा 170 बीएनएसएस के तहत हिरासत में लिया गया है।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी अपने वाहनों पर “मकड़ा” चिन्ह का इस्तेमाल कर गैंग के रूप में सक्रिय थे। सोशल मीडिया की जांच में भी युवकों की कई आपत्तिजनक वीडियो सामने आई हैं। पुलिस ने गैंग के सभी सदस्यों को एक साथ हिरासत में लेकर उनके खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले ऐसे गैंगों का रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है और उनकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।

हरिद्वार पुलिस ने युवाओं से अपील करते हुए कहा है कि वे पढ़ाई और अपने करियर पर ध्यान दें। कानून व्यवस्था बिगाड़ने या सोशल मीडिया के जरिए गलत गतिविधियों को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस टीम में शामिल 

उपनिरीक्षक रविंद्र गोड़

हेड कांस्टेबल विकास भट्ट

हेड कांस्टेबल बृजमोहन सिंह

हेड कांस्टेबल कुलदीप सिंह की कार्रवाई।

Share.
Leave A Reply