(फुरकान अंसारी)20/05/2026।

हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस परिवार के लिए मंगलवार का दिन भावुक क्षणों से भरा रहा। पुलिस लाइन रोशनाबाद में पुलिस विभाग के प्रशिक्षित श्वान “रॉक्सी” को पूरे राजकीय सम्मान और अंतिम सलामी के साथ विदाई दी गई।

बारूद और विस्फोटक पदार्थों की पहचान में दक्ष रॉक्सी ने अपने सेवाकाल के दौरान कुंभ मेला, कांवड़ मेला सहित हरिद्वार में आयोजित कई बड़े धार्मिक आयोजनों एवं नियमित सुरक्षा जांच अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हरकी पैड़ी और पुरानी कलियर क्षेत्र में चेकिंग अभियानों के दौरान भी रॉक्सी ने अपनी सूझबूझ और सतर्कता से पुलिस विभाग की जिम्मेदारियों को मजबूती प्रदान की।

करीब 12 वर्षों तक रॉक्सी ने पूरी निष्ठा, अनुशासन और कर्तव्यपरायणता के साथ पुलिस विभाग में सेवाएं दीं। सुरक्षा अभियानों, वीआईपी ड्यूटी, संवेदनशील आयोजनों और विशेष जांच अभियानों में उसकी भूमिका हमेशा सराहनीय रही।

पुलिस लाइन रोशनाबाद में आयोजित अंतिम सलामी कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइन सुरेंद्र प्रसाद बलूनी, प्रतिसार निरीक्षक, बीडीएस स्टाफ एवं अन्य पुलिस कर्मियों ने रॉक्सी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उसकी सेवाओं को याद किया।

अधिकारियों ने कहा कि पुलिस श्वान केवल सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा नहीं होते, बल्कि पुलिस परिवार के अभिन्न सदस्य होते हैं, जो हर परिस्थिति में अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करते हैं।

हरिद्वार पुलिस ने कहा कि रॉक्सी की उत्कृष्ट सेवाओं को सदैव सम्मान और गर्व के साथ याद किया जाएगा।

Share.
Leave A Reply