फुरकान अंसारी, 19/05/2026।

भगवानपुर। थाना क्षेत्र के लकेश्वरी स्थित मेसर्स डायमंड टफ ग्लास फैक्ट्री में सोमवार दोपहर अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन भगवानपुर की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, सोमवार को समय लगभग 3:53 बजे MDT के माध्यम से फायर स्टेशन भगवानपुर को फैक्ट्री में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही प्रभारी फायर स्टेशन भगवानपुर के निर्देशन में फायर सर्विस यूनिट तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि आग फैक्ट्री के फोम इंसुलेटेड टीन शेड से बनी छत में लगी थी, जो तेजी से फैल सकती थी।

फायर कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए पंपिंग कर आग को पूरी तरह बुझा दिया और स्थिति को नियंत्रण में कर लिया। समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़ा नुकसान टल गया। अग्निशमन कार्य पूर्ण करने के बाद फायर सर्विस यूनिट वापस फायर स्टेशन लौट आई।

अग्निशमन कार्य में I/C सत्यपाल सिंह, एलएफएम रणवीर सिंह, चालक दीपक चौहान, फायरमैन सुंदर तोमर, रणवीर बोनियाल एवं अजय रावत शामिल रहे।

Share.
Leave A Reply